
सरायकेला: जिला स्पोर्ट्स एसोसिएशन की ओर से आयोजित जिला फुटबॉल लीग ‘अर्जुना कप’ के तहत सोमवार को खरसावां के अर्जुना स्टेडियम में दो रोमांचक मुकाबले खेले गए. पहले मैच में यूथ क्लब खमारडीह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ग्रीन एरिया दलभंगा को 4-1 से हराया, जबकि दूसरे मुकाबले में दीनबंधु क्लब चक्रधरपुर और एसएफए सफा मातकमडीह (चांडिल) की टीमें 1-1 की बराबरी पर रहीं.


पहले मुकाबले में खमारडीह की ओर से रोहित कुदादा और देवाशीष बोदरा ने दो-दो गोल दागकर टीम को एकतरफा जीत दिलाई. वहीं दलभंगा की ओर से गोंडे मुंडा ने एकमात्र गोल किया.
दूसरे मैच में पहले हाफ तक दोनों टीमें गोल नहीं कर सकीं. दूसरे हाफ में अनुज सुंडी ने चक्रधरपुर को बढ़त दिलाई, लेकिन मलखान सिंह सरदार ने शानदार गोल कर मातकमडीह की बराबरी करा दी. इसके बाद दोनों टीमों के प्रयास के बावजूद कोई निर्णायक गोल नहीं हो सका और मुकाबला ड्रॉ पर समाप्त हुआ.
मंगलवार को बिरसा मुंडा स्टेडियम, सरायकेला में दो मुकाबले खेले जाएंगे. पहले मैच में वाईबीएफसी राजनगर का सामना गॉड फादर खूंटपानी से होगा, जबकि दूसरे मुकाबले में ट्रिपल ए हरिहरपुर और एवरेस्ट क्लब मुंडाटांड आमने-सामने होंगे.
प्रमोद सिंह (संपादक)





