जमशेदपुर: बिरसानगर थाना क्षेत्र के जोन नंबर-1 बी में निर्माणाधीन प्रधानमंत्री आवास परियोजना में शनिवार शाम हुए दर्दनाक हादसे में 14 वर्षीय किशोर की मौत हो गई. मृतक की पहचान बिरसानगर के साधुडेरा निवासी सचिन मुर्मू के रूप में हुई है. निर्माणाधीन भवन की नौवीं मंजिल से गिरने के कारण उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई. हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.


बताया जा रहा है कि सचिन मुर्मू के पिता मसांग मुर्मू दिहाड़ी मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं. शनिवार शाम किसी कारणवश सचिन निर्माणाधीन प्रधानमंत्री आवास परिसर में पहुंच गया और भवन की नौवीं मंजिल तक चला गया. इसी दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिर पड़ा. ऊंचाई से गिरने के कारण उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई.

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी. बिरसानगर थाना पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि किशोर निर्माणाधीन भवन की ऊपरी मंजिल तक कैसे पहुंचा और हादसा किन परिस्थितियों में हुआ.
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने निर्माणाधीन परियोजना की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं. उनका आरोप है कि परिसर में सुरक्षा मानकों का समुचित पालन नहीं किया जा रहा है. प्रवेश मार्ग, सीढ़ियों और ऊपरी मंजिलों पर पर्याप्त बैरिकेडिंग, सुरक्षा घेराबंदी और चेतावनी बोर्ड नहीं लगाए गए हैं, जिससे कोई भी व्यक्ति आसानी से परिसर में प्रवेश कर सकता है.

स्थानीय लोगों ने प्रशासन और निर्माण एजेंसी से निर्माण स्थल पर तत्काल सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने की मांग की है. उन्होंने परिसर की पूरी घेराबंदी, सुरक्षा गार्डों की तैनाती, ऊपरी मंजिलों पर मजबूत बैरिकेडिंग और चेतावनी बोर्ड लगाने की मांग करते हुए कहा कि ऐसी लापरवाही भविष्य में और बड़े हादसों का कारण बन सकती है. उल्लेखनीय है कि इस परियोजना में इससे पूर्व अबतक तीन मौतें हो चुकी हैं.





