
जमशेदपुर: परसुडीह थाना क्षेत्र में शादी समारोह से लौटने के बाद मोटरसाइकिल को लेकर हुए मामूली विवाद के बाद खूनी संघर्ष में बेरहमी से की गई पिटाई में एक युवक की मौत मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 24 घंटे के भीतर मामले का खुलासा कर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. जबकि एक विधि-विरुद्ध बालक को निरुद्ध किया गया है. मामले की जानकारी डीएसपी लॉ एंड ऑर्डर सुमित कुमार ने प्रेस वार्ता में दी.


डीएसपी ने बताया कि 8-9 जुलाई की रात रोहित मुंडा अपने दोस्तों सुजल लोहार, हरिपदो मछुआ, समीर मुंडा, रवि यादव और करण पात्रो के साथ सोपोडेरा स्थित मिलाप भवन में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने गया था. देर रात समारोह समाप्त होने के बाद नशे की हालत में रोहित भूलवश अपने दोस्त हरिपदो मछुआ की मोटरसाइकिल लेकर सरजामदा स्थित अपने घर चला गया.
कुछ देर बाद जब दोस्तों को मोटरसाइकिल नहीं मिली तो उन्होंने आसपास पूछताछ की. जानकारी मिलने पर सभी रोहित के घर पहुंचे. वहां बाइक खड़ी मिलने के बाद दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई. फिर विवाद हिंसक मारपीट में बदल गया.
आरोप है कि सुजल लोहार, हरिपदो मछुआ, समीर मुंडा, रवि यादव तथा अन्य ने रोहित मुंडा की लाठी- डंडों, मुक्कों और घूंसों से जमकर पिटाई कर दी. मारपीट के बाद सभी आरोपी अपने- अपने घर चले गए. जबकि घायल रोहित भी अपने घर पहुंच गया. अगले दिन सुबह उसकी घर पर ही मौत हो गई.
घटना के बाद मृतक की मां पुतुल कालिंदी और पिता शंकर कालिंदी के लिखित आवेदन पर परसुडीह थाना कांड संख्या 72/2026 दर्ज किया गया. पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) एवं 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की.
जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज. तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त दो लकड़ी के डंडे भी बरामद किए गए. मामले में एक विधि-विरुद्ध बालक को भी निरुद्ध किया गया है.
पुलिस ने सभी गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. वहीं फरार आरोपी करण पात्रो की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
Edited By Sarita Mahato





