जमशेदपुर: पुलिस ने समय रहते कार्रवाई करते हुए एक संभावित बड़ी आपराधिक घटना को टाल दिया है. ओलीडीह ओपी क्षेत्र से पुलिस ने एक युवक को अवैध हथियार और जिंदा गोलियों के साथ गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार आरोपी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में था.

जानकारी के अनुसार वरीय पुलिस अधीक्षक को मंगलवार देर रात गुप्त सूचना मिली थी कि ओलीडीह ओपी क्षेत्र के लक्ष्मण नगर छठ घाट के पास एक संदिग्ध युवक अवैध हथियार लेकर घूम रहा है. सूचना के बाद पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक पटमदा बचनदेव कुजूर के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम गठित की गई.
पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लक्ष्मण नगर छठ घाट इलाके की घेराबंदी कर एक संदिग्ध युवक को पकड़ लिया. तलाशी के दौरान उसके पास से एक देसी पिस्तौल और तीन जिंदा गोलियां बरामद की गईं.
गिरफ्तार आरोपी की पहचान विश्वजीत सिंह उर्फ रॉकी (33 वर्ष) के रूप में हुई है. वह लक्ष्मण नगर सुभाष कॉलोनी डिमना रोड का निवासी बताया जा रहा है.
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि उसने यह हथियार बिहार के बक्सर से 30 हजार रुपये में खरीदा था. आरोपी इलाके में हथियार के दम पर अपना दबदबा बनाना चाहता था. साथ ही व्यवसायियों को धमकाकर रंगदारी वसूलने और लोगों में दहशत फैलाने की योजना बना रहा था.
सिटी एसपी ललित मीणा के अनुसार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है. उसके खिलाफ एमजीएम थाना में पहले से आर्म्स एक्ट समेत अन्य धाराओं के तहत दो मामले दर्ज हैं. इससे साफ है कि वह पूर्व में भी आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है. इस मामले में ओलीडीह ओपी में प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी किसी गिरोह से जुड़ा है या अकेले ही वारदात की योजना बना रहा था.



