जमशेदपुर: जुगसलाई थाना क्षेत्र के नगर परिषद बाजार स्थित यूनिक कलेक्शन कपड़ा दुकान पर हुई फायरिंग मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. इस मामले में मनीष सिंह गिरोह से जुड़े छह अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस पूछताछ में सभी आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है.

जानकारी के अनुसार घटना 15 मई को हुई थी. पांच अपराधी मैरून रंग की वैगनआर कार से कपड़ा दुकान पर पहुंचे थे. आरोपियों ने व्यवसायी से रंगदारी की मांग की थी और पैसे नहीं देने पर इलाके में अपना वर्चस्व कायम करने के उद्देश्य से फायरिंग कर दी थी. घटना के बाद जुगसलाई थाना में मामला दर्ज कर विशेष जांच टीम का गठन किया गया था.
वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित टीम ने तकनीकी साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज और गुप्त सूचना के आधार पर आरोपियों की पहचान की. इसके बाद 19 मई को अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया.
गिरफ्तार आरोपियों में अभिषेक श्रीवास्तव उर्फ आर्यन, राहुल सिंह उर्फ बड़कू, हरप्रीत सिंह भामराह उर्फ हैप्पी, राहुल सिंह उर्फ गेटलु, अंकित सोनकर और बानेश्वर नामता शामिल हैं.
पुलिस ने आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त मैरून रंग की मारुति सुजुकी वैगनआर कार, चार देशी पिस्तौल, पांच जिंदा गोलियां, तीन खाली मैगजीन, एक खोखा और छह एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए हैं.
सिटी एसपी ललित मीणा ने बताया कि जांच में यह बात सामने आई है कि आरोपी शहर में दहशत फैलाकर व्यवसायियों से रंगदारी वसूलना चाहते थे. पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अपराधियों में कई का आपराधिक इतिहास रहा है और विभिन्न थानों में इनके खिलाफ पहले से मामले दर्ज हैं. फिलहाल पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है.



