जमशेदपुर: मानगो डिमना चौक स्थित एमजीएम मेडिकल कॉलेज परिसर में मंगलवार को अचानक आग लगने से अफरा- तफरी मच गई. बताया जा रहा है कि लाइब्रेरी भवन के नीचे लगे सोलर पैनल की बैटरियों में शॉर्ट सर्किट होने के कारण आग भड़क उठी.

देखते ही देखते पूरे इलाके में धुआं फैल गया, जिससे लाइब्रेरी भवन और कैफेटेरिया धुएं से भर गया. घटना की सूचना मिलते ही कॉलेज एवं अस्पताल परिसर में तैनात सुरक्षाकर्मी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया.

आग पर काबू पाने के लिए कॉलेज परिसर में मौजूद पांच फायर एक्सटिंग्विशर का इस्तेमाल किया गया. काफी मशक्कत के बाद आग को फैलने से रोक लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया. बाद में दमकल विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और आग को पूरी तरह बुझा दिया.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बैटरियों में हुए ब्लास्ट के कारण आग तेजी से फैली, जिससे कुछ देर के लिए परिसर में दहशत का माहौल बन गया था. हालांकि समय रहते आग पर नियंत्रण पा लिया गया.
आग बुझाने के अभियान में होमगार्ड जवान अखिलेश ओझा, योगेंद्र शर्मा, पंकज कुमार झा, प्रदीप मिश्रा और संजय कुमार प्रसाद समेत कई जवान शामिल रहे. घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है.



