जमशेदपुर: कदमा थाना क्षेत्र अंतर्गत रामनगर गांधी बस्ती स्थित एक मैदान में गुरुवार देर रात पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर जुआ खेलते हुए आठ लोगों को गिरफ्तार किया. पुलिस कार्रवाई के दौरान मौके पर अफरा- तफरी मच गई और आरोपी भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन पुलिस ने सभी को खदेड़कर पकड़ लिया.

शुक्रवार को मामले का खुलासा करते हुए डीएसपी मनोज कुमार ने बताया कि सूचना मिली थी कि क्षेत्र में बड़े स्तर पर जुआ खेला जा रहा है. इसके बाद विशेष टीम का गठन कर छापेमारी की गई.
गिरफ्तार आरोपियों में राजन कुमार उर्फ राजन, राजेश कुमार तुरहा, गोविंदा कुमार शाह, दीपक कुमार उर्फ दीपू, बंटी कुमार गुप्ता, लालचंद तुरहा, सुखदेव सिंह और लखन कुमार ठाकुर उर्फ आजाद ठाकुर शामिल हैं.
पुलिस ने आरोपियों के पास से 35 हजार 520 रुपये नकद, सात मोबाइल फोन, एक दरी और ताश के पत्ते बरामद किए हैं. पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि जुआ अड्डे का संचालन कौन कर रहा था और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं. पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. मामले में आगे की जांच जारी है.



