रांची: राज्य सरकार जल्द ही बड़े स्तर पर प्रशासनिक फेरबदल कर सकती है. सूत्रों के अनुसार कई जिलों के महत्वपूर्ण पदों पर तैनात अधिकारियों के तबादले की फाइल मुख्यमंत्री कार्यालय भेज दी गई है. मुख्यमंत्री की स्वीकृति मिलते ही तबादला आदेश जारी किए जा सकते हैं.

जानकारी के मुताबिक आदित्यपुर, सरायकेला और कपाली नगर निकायों के प्रशासकों के साथ-साथ जमशेदपुर और सरायकेला के डीटीओ, डीसी एलआर तथा सरायकेला एडीसी स्तर के अधिकारियों के नाम इस सूची में शामिल बताए जा रहे हैं. इसके अलावा कुछ अन्य विभागों में भी बदलाव की तैयारी चल रही है.
सूत्रों का कहना है कि राज्य सरकार प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने तथा लंबित योजनाओं में तेजी लाने के उद्देश्य से यह फेरबदल करने जा रही है. कई जिलों में लंबे समय से एक ही पद पर कार्यरत अधिकारियों को भी बदले जाने की संभावना जताई जा रही है.
सरकारी सूत्रों के अनुसार फाइल फिलहाल मुख्यमंत्री कार्यालय में विचाराधीन है. मुख्यमंत्री की हरी झंडी मिलते ही कार्मिक विभाग द्वारा आधिकारिक अधिसूचना जारी की जा सकती है. प्रशासनिक गलियारों में संभावित तबादलों को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं.
हालांकि सरकार की ओर से अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन जल्द ही बड़े स्तर पर तबादला सूची जारी होने की संभावना जताई जा रही है.



