सरायकेला- खरसावां: जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत शनिवार को सभी मतदान केंद्रों पर Un-Mapped Elector List प्रकाशित की जाएगी. यह जानकारी जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त नितीश कुमार सिंह ने दी.

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी- सह- सचिव, मंत्रिमंडल (निर्वाचन) विभाग, झारखंड के निर्देश पर जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्र सरायकेला, खरसावां और ईचागढ़ के सभी मतदान केंद्रों पर यह सूची उपलब्ध रहेगी. विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान जिन मतदाताओं का नाम वर्ष 2003 की पूर्व मतदाता सूची से मैप नहीं हो पाया है, वे 23 मई 2026 को अपने संबंधित मतदान केंद्र पर पहुंचकर सूची में अपना नाम जांच सकते हैं.
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि 23 मई को सभी बीएलओ अपने- अपने मतदान केंद्रों पर पूर्वाह्न 10 बजे से अपराह्न 5 बजे तक Un-Mapped Elector List प्रकाशित करेंगे. साथ ही 23 और 24 मई 2026 को सभी बीएलओ मतदान केंद्रों पर उपस्थित रहकर मतदाताओं के नामों का मिलान और मैपिंग कार्य सुनिश्चित करेंगे.

इस संबंध में सभी सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों (AERO) को समय पर संबंधित बीएलओ तक सूची उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है. जिला प्रशासन ने विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य की नियमित मॉनिटरिंग और सुपरविजन सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया है.
उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. जिन बीएलओ का कार्य धीमा पाया गया है, उनके लिए विशेष कार्य योजना बनाकर अभियान में तेजी लाने और आवश्यकता अनुसार अतिरिक्त कार्यबल लगाने का निर्देश दिया गया है.
बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि अभियान का व्यापक प्रचार- प्रसार किया जाए और स्थानीय जनप्रतिनिधियों को भी अभियान से जोड़ा जाए, ताकि अधिक से अधिक मतदाताओं तक जानकारी पहुंच सके और मतदाता सूची शुद्धिकरण कार्य में जनसहभागिता सुनिश्चित हो.
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी मतदाताओं से अपील की है कि यदि उनका नाम पूर्व मतदाता सूची से मैप नहीं हुआ है, तो वे 23 मई को अपने मतदान केंद्र पहुंचकर सूची में नाम की जांच करें और संबंधित बीएलओ से संपर्क कर आवश्यक प्रक्रिया पूरी कराएं.
बैठक में एडीसी जयवर्धन कुमार, सरायकेला एसडीओ अभिनव प्रकाश, चांडिल एसडीओ विकास कुमार राय, उप निर्वाचन अधिकारी सुरेंद्र उरांव सहित सभी संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे.



