जमशेदपुर: चर्चित होटल कारोबारी निखार सबलोक हत्याकांड की जांच के बीच जमशेदपुर पुलिस ने उत्तर प्रदेश के दो कथित शूटरों को गिरफ्तार किया है. सीतारामडेरा पुलिस ने मानगो बस स्टैंड के समीप पांडेय घाट क्षेत्र में छापेमारी कर सुलतानपुर निवासी प्रदीप सिंह (38) और अभिनय यादव (24) को दबोचा. इनके पास से दो गोलियों से लोड एक देसी पिस्टल बरामद की गई है.


गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में एएसपी ऋषभ द्विवेदी ने बताया कि 2 सितंबर को दोनों के हथियार के साथ मानगो बस स्टैंड के आसपास मौजूद होने की सूचना मिली थी. पुलिस टीम ने शौचालय के पीछे छिपे दोनों संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस के अनुसार पूछताछ में सामने आया कि दोनों को हत्या की सुपारी देकर जमशेदपुर बुलाया गया था और सुनील रजक के माध्यम से कुम्हारपाड़ा में ठहराया गया था. पुलिस का दावा है कि 19 अगस्त को निखार सबलोक की हत्या के लिए 15 लाख रुपये की सुपारी तय हुई थी, लेकिन एडवांस भुगतान को लेकर विवाद के कारण दोनों वारदात को अंजाम दिए बिना उत्तर प्रदेश लौट गए थे.
बाद में दोनों दोबारा जमशेदपुर पहुंचे. पुलिस के मुताबिक उन्हें निखार की हत्या हो जाने और अशोक कुमार सिंह उर्फ राघव की गिरफ्तारी की जानकारी नहीं थी. दोनों राघव से संपर्क करने की कोशिश कर रहे थे, इसी दौरान पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस ने बताया कि प्रदीप सिंह के खिलाफ उत्तर प्रदेश में हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, धोखाधड़ी, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट समेत कई मामले दर्ज हैं. दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. वहीं निखार हत्याकांड से जुड़े अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है.

