जमशेदपुर: शहर में एक शातिर युवक ने आभूषण दुकान को निशाना बनाते हुए दिनदहाड़े लाखों के गहनों पर हाथ साफ कर दिया. मामला उलीडीह थाना क्षेत्र का है, जहां इस घटना से व्यापारियों में हड़कंप मच गया है.

उलीडीह ओपी अंतर्गत शंकोसाई रोड नंबर-1 स्थित हरि मंदिर के पास विश्वनाथ ज्वेलर्स में मंगलवार सुबह करीब 11 बजे एक युवक ग्राहक बनकर पहुंचा. दुकान में मौजूद अभिजीत, जो दुकानदार विश्वनाथ दत्ता का बेटा है, उसे गहने दिखाने लगा.
इसी दौरान युवक ने चालाकी से एक आभूषण पसंद किया और एक हजार रुपए एडवांस देकर शाम में लेने की बात कहकर चला गया. लेकिन कुछ देर बाद जब अभिजीत को शक हुआ और उसने जांच की, तो एक डब्बे में रखा कीमती आभूषण गायब मिला.
सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर साफ हुआ कि युवक झांसा देकर गहना लेकर फरार हो गया. बताया जा रहा है कि चोरी हुए आभूषणों की कीमत करीब 23 से 24 लाख रुपए के बीच है. हैरानी की बात यह है कि आरोपी युवक एक दिन पहले भी दुकान में आया था और 5700 रुपए के गहने खरीदकर गया था, जिससे उसने दुकानदार का भरोसा जीत लिया था.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए हैं. इस घटना के बाद स्थानीय व्यवसायियों में डर का माहौल है.

