जमशेदपुर: गोलमुरी थाना क्षेत्र में केनरा बैंक डकैती की गुत्थी अभी सुलझी भी नहीं थी कि अपराधियों ने एक ज्वेलरी दुकान को निशाना बना दिया. गुरुवार देर रात गोलमुरी बाजार स्थित आरती ज्वेलरी का वेंटिलेटर तोड़कर अज्ञात चोर दुकान में घुसे और सोने-चांदी के आभूषणों के साथ नकदी लेकर फरार हो गए. दुकान संचालक ने चोरी गए सामान की कीमत करीब चार लाख रुपये होने का प्रारंभिक अनुमान जताया है.


दुकान संचालक जगत जीवन राज के अनुसार उनकी दुकान में सोने-चांदी के आभूषणों की मरम्मत का काम भी किया जाता है. शुक्रवार सुबह जब वह दुकान पहुंचे तो अंदर सामान बिखरा मिला और वेंटिलेटर टूटा हुआ था. जांच करने पर आभूषण और नकदी गायब मिले. इसके बाद गोलमुरी थाना पुलिस को सूचना दी गई.
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच की. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि दुकान में सेंध लगाने वालों की पहचान की जा सके. चोरी गए आभूषण और नकदी का वास्तविक मूल्य विस्तृत मिलान के बाद स्पष्ट होगा.
एक दिन पहले इसी थाना क्षेत्र में केनरा बैंक में हथियारबंद डकैती की बड़ी वारदात सामने आई थी. उसके अगले ही दिन ज्वेलरी दुकान में सेंधमारी से स्थानीय व्यापारियों में चिंता बढ़ गई है. हालांकि दोनों घटनाओं के बीच किसी तरह के संबंध की जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है.

