
जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम के वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) ने मंगलवार रात करीब 10 बजे शहर की सुरक्षा व्यवस्था का औचक निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने सोनारी, कदमा और बिष्टुपुर थाना क्षेत्र में तैनात पीसीआर गश्ती वाहनों और पुलिसकर्मियों की गतिविधियों का जायजा लिया. अचानक हुए इस निरीक्षण से पुलिस महकमे में सतर्कता बढ़ गई.


निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने रात्रि गश्त की सक्रियता, पुलिसकर्मियों की तैनाती और गश्ती व्यवस्था की विस्तार से समीक्षा की. उन्होंने सभी गश्ती दलों को निर्देश दिया कि शहर में अड्डेबाजी, असामाजिक तत्वों की गतिविधियों और कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए.
एसएसपी ने नियमित रूप से एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाने का भी निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की गहन जांच की जाए. ताकि अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाया जा सके.
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि गश्ती के दौरान यदि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि, संदिग्ध व्यक्ति या आपराधिक घटना की जानकारी मिले. तो इसकी सूचना बिना किसी देरी के संबंधित थाना प्रभारी और पुलिस नियंत्रण कक्ष को दी जाए. ताकि तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके.
एसएसपी ने कहा कि शहर में अपराध नियंत्रण और आम नागरिकों की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है. रात्रि गश्ती को और अधिक प्रभावी बनाकर अपराधियों पर कड़ी नजर रखी जाए. साथ ही आम लोगों में सुरक्षा और कानून व्यवस्था के प्रति विश्वास बनाए रखा जाए.
उन्होंने संकेत दिया कि भविष्य में भी शहर की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के लिए इस प्रकार के औचक निरीक्षण और एंटी क्राइम अभियान लगातार जारी रहेंगे.





