जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम के वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. ऐहतेशाम वकारिब ने जिले के सभी पुलिस उपाधीक्षकों और थाना प्रभारियों के साथ शनिवार को लंबित कांडों की समीक्षा की. पुलिस कार्यालय सभागार में आयोजित बैठक में थाना स्तर पर लंबित मामलों की प्रगति का आंकलन करते हुए उनके शीघ्र और गुणवत्तापूर्ण निष्पादन के निर्देश दिए गए.


एसएसपी ने पुराने एवं गंभीर प्रकृति के मामलों को प्राथमिकता के आधार पर चिह्नित कर अनुसंधान में तेजी लाने को कहा. साथ ही साक्ष्यों के आधार पर समयबद्ध तरीके से मामलों का निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
अपराध नियंत्रण को लेकर गैंग से जुड़े और आदतन अपराधियों के खिलाफ CCA के तहत कार्रवाई की प्रक्रिया तेज करने, दागी अपराधियों के डोजियर अपडेट रखने और संदिग्ध व्यक्तियों का आपराधिक सत्यापन कराने को कहा गया.
वहीं वांछित एवं फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाने और गंभीर मामलों की नियमित समीक्षा के निर्देश दिए गए. एसएसपी ने स्पष्ट किया कि लंबित मामलों के निष्पादन में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. सभी पुलिस पदाधिकारियों को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई सुनिश्चित करनी होगी. बैठक में अपराध नियंत्रण और जिले की विधि-व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए पुलिस अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय पर भी जोर दिया गया.

