धनबाद: ऋषिकेश से हावड़ा जा रही दून एक्सप्रेस में बड़ी संख्या में जीवित कछुओं को ले जाने का मामला सामने आया है. गोमो से धनबाद के बीच रात्रि गश्ती के दौरान RPF की मंडल स्तरीय टास्क टीम ने ट्रेन के महिला कोच से 120 जीवित कछुए बरामद किए.


ट्रेन की जांच के दौरान पीछे की ओर स्थित महिला कोच के अंतिम कंपार्टमेंट में छह लावारिस थैले और बोरे मिले. RPF जवानों ने यात्रियों से पूछताछ की, लेकिन किसी ने सामान पर दावा नहीं किया. इसके बाद धनबाद स्टेशन पहुंचने पर सभी थैलों को प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर उतारकर जांच की गई.
जांच में प्रत्येक बोरे से 20-20 जीवित कछुए मिले. इस तरह कुल 120 कछुए बरामद किए गए. सभी कछुए इंडियन फ्लैपशेल प्रजाति के बताए गए हैं. इतनी बड़ी संख्या में कछुओं को बोरों में भरकर ट्रेन से ले जाए जाने के बाद वन्यजीव तस्करी की आशंका जताई जा रही है.
RPF ने वन विभाग को इसकी सूचना देकर सभी जीवित कछुओं को आगे की कार्रवाई के लिए सौंप दिया है. अब यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि कछुओं को कहां से लाया गया था और उनकी डिलीवरी कहां होनी थी. लावारिस सामान का मालिक कौन था, इसकी भी जांच की जा रही है.

