जामताड़ा: जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत पांडेयडीह जंगल के समीप गुरुवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें बाइक सवार चार युवक घायल हो गए. हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.

जानकारी के अनुसार आशाडीह गांव निवासी 23 वर्षीय मोइन अंसारी, 16 वर्षीय मोहम्मद सकील, 15 वर्षीय रहमद अंसारी और 12 वर्षीय मोहम्मद हनीस एक ही बाइक से अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रही एक पिकअप वैन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी.
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार चारों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई. स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणपुर पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया.
डॉक्टरों ने मोहम्मद सकील और मोहम्मद हनीस की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर कर दिया. वहीं अन्य दो घायलों का इलाज स्थानीय स्तर पर जारी है.
घटना के बाद कुछ देर के लिए इलाके में अफरा-तफरी और यातायात प्रभावित रहा. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और दुर्घटना के बाद पिकअप वाहन की तलाश की जा रही है.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल



