
जमशेदपुर: करणी सेना युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष हिमांशु सिंह हत्याकांड के विरोध में शुक्रवार को बुलाए गए जमशेदपुर बंद के दौरान जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय स्वयं सड़क पर उतरे. उन्होंने जनता दल (यूनाइटेड) और भारतीय जनता पार्टी के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं के साथ शहर के विभिन्न इलाकों का दौरा कर बंद का समर्थन मांगा और लोगों से शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन में सहयोग करने की अपील की.


सरयू राय के नेतृत्व में निकला काफिला शहर के प्रमुख बाजारों और व्यावसायिक क्षेत्रों से होकर गुजरा. इस दौरान बड़ी संख्या में जदयू और भाजपा कार्यकर्ता उनके साथ मौजूद रहे. नेताओं ने व्यापारियों से अपनी दुकानें स्वेच्छा से बंद रखने का आग्रह किया और कहा कि यह बंद किसी राजनीतिक लाभ के लिए नहीं, बल्कि शहर में बिगड़ती कानून- व्यवस्था और हिमांशु सिंह हत्याकांड के विरोध में आयोजित किया गया है.
बंद के दौरान शहर के कई इलाकों में व्यापारियों ने स्वेच्छा से अपने प्रतिष्ठान बंद रखे. वहीं कुछ स्थानों पर बंद समर्थकों की अपील के बाद दुकानें बंद कराई गईं. अधिकांश क्षेत्रों में बंद शांतिपूर्ण रहा और कहीं से किसी बड़ी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली. विधायक सरयू राय ने कहा कि जमशेदपुर जैसे औद्योगिक शहर में लगातार बढ़ रही हत्या, लूट, रंगदारी और हिंसक घटनाएं गंभीर चिंता का विषय हैं.
उन्होंने कहा कि हिमांशु सिंह की हत्या ने आम लोगों के मन में असुरक्षा की भावना पैदा कर दी है. उन्होंने राज्य सरकार से दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी, स्पीडी ट्रायल के माध्यम से कड़ी सजा तथा शहर में कानून- व्यवस्था को प्रभावी बनाने की मांग की. उधर बंद को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा. शहर के प्रमुख चौक- चौराहों, बाजारों और संवेदनशील इलाकों में भारी संख्या में पुलिस बल और दंडाधिकारी तैनात किए गए हैं. वरिष्ठ पुलिस अधिकारी लगातार विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर स्थिति पर नजर बनाए हुए थे. प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी प्रकार की अफवाह से बचने की अपील की.
Edited By Sarita





