
आदित्यपुर: करणी सेना युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष हिमांशु सिंह हत्याकांड और बिगड़ती कानून- व्यवस्था के विरोध में एनडीए द्वारा आहूत जमशेदपुर बंद का असर शुक्रवार को आदित्यपुर में भी देखने को मिला. सुबह से ही भाजपा नेता और कार्यकर्ता बाजारों में बंद कराने के लिए निकल पड़े. हालांकि प्रशासन पहले से पूरी तरह सतर्क था और शहर के प्रमुख चौक-चौराहों, बाजारों तथा संवेदनशील इलाकों में भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी.


बंद के दौरान पुलिस ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से कई भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया. आदित्यपुर नगर निगम के मेयर संजय सरदार ने भी स्वयं गिरफ्तारी दी. उनके साथ भाजपा के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता पुलिस हिरासत में लिए गए. पुलिस ने स्पष्ट किया कि किसी भी स्थिति में जबरन बंद कराने या शांति व्यवस्था भंग करने की अनुमति नहीं दी जाएगी.
बंद का बाजारों पर मिला-जुला असर देखने को मिला. कुछ व्यापारियों ने स्वेच्छा से अपने प्रतिष्ठान बंद रखे, जबकि कुछ दुकानदारों ने परिस्थितियों को देखते हुए दुकानें बंद करना ही उचित समझा. वहीं कई स्थानों पर दुकानें खुली भी रहीं. सार्वजनिक परिवहन सामान्य रूप से संचालित होता रहा और सरकारी कार्यालय, बैंक तथा अन्य आवश्यक सेवाएं नियमित रूप से कार्य करती रहीं. शहर में जनजीवन सामान्य बना रहा.
पुलिस और प्रशासन की टीमें लगातार गश्त करती रहीं. संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी रखी गई ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो. अधिकारियों ने स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखी और समय-समय पर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा भी की.
भाजपा नेताओं ने कहा कि हिमांशु सिंह हत्याकांड के सभी आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी, कड़ी कानूनी कार्रवाई और शहर में बेहतर कानून-व्यवस्था की मांग को लेकर यह बंद बुलाया गया था. उनका आरोप है कि राज्य में लगातार बढ़ती आपराधिक घटनाओं से आम जनता भय के माहौल में जी रही है.
वहीं प्रशासन का कहना है कि कानून अपने तरीके से काम कर रहा है. हत्याकांड की जांच तेजी से आगे बढ़ रही है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की.
Edited By Sarita





