जमशेदपुर: बागबेड़ा थाना क्षेत्र स्थित बड़ौदा नदी घाट से रविवार को एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई. नदी में शव बहता देख स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही बागबेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नदी से बाहर निकलवाया.


पुलिस के अनुसार, मृतक की उम्र लगभग 40 वर्ष है. उसका शरीर दुबला-पतला बताया जा रहा है. प्रारंभिक जांच में आशंका जताई गई है कि शव नदी के बहाव के साथ किसी अन्य स्थान से बहकर बड़ौदा घाट पहुंचा है.
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. मृतक की पहचान कराने के लिए आसपास के थाना क्षेत्रों को सूचना भेजी गई है, ताकि गुमशुदगी के मामलों से उसका मिलान किया जा सके. फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा.





