चतरा: झारखंड पुलिस को उग्रवाद विरोधी अभियान में बड़ी सफलता मिलने की सूचना है. प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन तृतीय सम्मेलन प्रस्तुति कमेटी (टीएसपीसी) के हार्डकोर उग्रवादी नरेश गंझू उर्फ रविकांत (35) को कथित रूप से लावालौंग क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया है.



हालांकि, समाचार लिखे जाने तक चतरा पुलिस के किसी अधिकारी ने आधिकारिक रूप से गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं की है.
सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार उग्रवादी नरेश गंझू चतरा जिले के लावालौंग थाना क्षेत्र का निवासी है. गिरफ्तारी के बाद उसे एक गुप्त स्थान पर रखकर वरीय पुलिस अधिकारी पूछताछ कर रहे हैं. माना जा रहा है कि पूछताछ के दौरान टीएसपीसी के नेटवर्क, हथियारों के ठिकानों, लेवी वसूली और संगठन की गतिविधियों से जुड़े कई महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं.
जानकारी के मुताबिक, नरेश गंझू लंबे समय से झारखंड पुलिस के मोस्ट वांटेड उग्रवादियों में शामिल था. उसकी गिरफ्तारी को टीएसपीसी के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है. पूछताछ पूरी होने के बाद पुलिस पूरे मामले का आधिकारिक खुलासा कर सकती है.
इधर, झारखंड के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) तदाशा मिश्रा के चतरा दौरे की भी जानकारी सामने आई है. उनके साथ आईजी, डीआईजी समेत अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के भी चतरा पहुंचने की संभावना है.
फिलहाल पुलिस की ओर से आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है.
रिपोर्ट: शुभम मिश्रा





