जमशेदपुर: जिला आयुष समिति, पूर्वी सिंहभूम की ओर से कीताडीह पंचायत भवन सभागार में आयोजित दो दिवसीय योग रिफ्रेशर प्रशिक्षण शिविर मंगलवार को संपन्न हुआ. राष्ट्रीय आयुष मिशन के तहत 12 और 13 अक्टूबर को आयोजित शिविर में जिले के विभिन्न प्रखंडों के योग प्रशिक्षकों ने हिस्सा लिया.


शिविर का उद्घाटन उत्तरी कीताडीह पंचायत के मुखिया मनोज कुमार मुर्मू और जिला आयुष चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. मुकुल कुमार दीक्षित ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया.

![]()
डॉ. दीक्षित ने दैनिक जीवन में योग के महत्व की जानकारी देते हुए नियमित योगाभ्यास को शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के लिए उपयोगी बताया. वहीं जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय के योग विभाग के डॉ. रविशंकर नेवार ने प्रशिक्षकों को विभिन्न योगासनों और अभ्यासों की जानकारी दी. बच्चों एवं किशोरों के स्वास्थ्य के साथ रोगों की रोकथाम और प्रबंधन में योग की उपयोगिता पर भी चर्चा की गई. मुखिया मनोज कुमार मुर्मू ने प्रशिक्षकों से अपने-अपने क्षेत्रों में योग के प्रति जागरूकता बढ़ाने की अपील की.
समापन अवसर पर प्रशिक्षण में शामिल प्रशिक्षकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया. कार्यक्रम को सफल बनाने में जिला आयुष कार्यक्रम प्रबंधक डॉ. निशांत प्रिय, राहुल कुमार, मथुरा सेठ सहित आयुष कार्यालय के कर्मचारियों ने योगदान दिया.

