देवघर: जिले के बरमसिया इलाके में पुलिस ने अवैध शराब की बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक राशन दुकान में छापेमारी की. पुलिस ने दुकान से अवैध शराब बरामद कर विक्रेता को गिरफ्तार किया है. बरामद शराब को जब्त कर लिया गया है.


पुलिस को सूचना मिली थी कि सरकारी शराब दुकान के पास स्थित एक राशन दुकान से अवैध रूप से शराब की बिक्री की जा रही है. सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने दुकान पर छापेमारी की. तलाशी के दौरान दुकान से अवैध शराब की खेप बरामद हुई, जिसके बाद पुलिस ने मौके से शराब विक्रेता को गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस के अनुसार आरोपी अपने घर में अवैध शराब का भंडारण करता था और वहां से शराब लाकर राशन दुकान के माध्यम से ग्राहकों को बेचता था. मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है.
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी को अवैध शराब की आपूर्ति कहां से होती थी और इस कारोबार में उसके साथ अन्य कौन-कौन लोग जुड़े हैं. कार्रवाई के संबंध में डीएसपी कुलदीप कुमार ने बताया कि अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी.

