ईचागढ़: प्रखंड क्षेत्र में जर्जर सड़कों के कारण परेशान ग्रामीणों को तत्काल राहत देने के लिए विधायक सविता महतो की पहल पर कुलटांड़ सड़क की मरम्मत का काम शुरू किया गया है. विधायक के निजी खर्च से कराई जा रही मरम्मत के साथ रांगामाटी, टीकर और डुमटांड़ मार्ग की मरम्मत का काम भी तेजी से चल रहा है.


लावा चुनिडीह केनाल से कुलटांड़, तिरुलडीह-2 (चिपड़ी), टीकर समेत आसपास के गांवों को जोड़ने वाली सड़क बारिश के कारण काफी जर्जर हो गई थी. सड़क पर जगह-जगह गड्ढे और कीचड़ जमा होने से ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था. ग्रामीणों की समस्या की जानकारी मिलने के बाद विधायक सविता महतो ने तत्काल सड़क की मरम्मत कराने की पहल की.
विधायक के निर्देश पर झामुमो कार्यकर्ता भी सड़क पर उतरकर मरम्मत कार्य को गति देने में जुटे हैं. सड़क पर आवश्यक मरम्मत कार्य कराया जा रहा है, जिससे फिलहाल ग्रामीणों को आवागमन में राहत मिलने की उम्मीद है.
जल्द होगा सड़क निर्माण का शिलान्यास
इधर, लावा केनाल से कुलटांड़ तक स्थायी सड़क निर्माण की प्रक्रिया को लेकर भी पहल तेज कर दी गई है. बताया गया कि जल्द ही सड़क निर्माण कार्य का शिलान्यास किया जाएगा. सड़क का निर्माण पूरा होने के बाद कुलटांड़, तिरुलडीह-2 (चिपड़ी), टीकर समेत आसपास के कई गांवों के लोगों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी.
मरम्मत कार्य शुरू होने से ग्रामीणों में खुशी है. ग्रामीणों ने विधायक सविता महतो के प्रति आभार जताते हुए कहा कि जर्जर सड़क के कारण लंबे समय से परेशानी का सामना करना पड़ रहा था. तत्काल मरम्मत शुरू होने से लोगों को राहत मिलेगी.
सड़क मरम्मत कार्य को गति देने में झामुमो केंद्रीय सदस्य काबलू महतो की विशेष भूमिका रही. विधायक के निर्देश पर ईचागढ़ प्रखंड के झामुमो कार्यकर्ता भी मौके पर मौजूद रहकर कार्य को गति दे रहे हैं.
मौके पर झामुमो प्रखंड अध्यक्ष निताई उरांव, सचिव अमित सिन्हा, वरिष्ठ कार्यकर्ता गुप्तेश्वर महतो, मीडिया प्रभारी पशुपति बागची, युवा प्रखंड अध्यक्ष स्वपन आदित्यदेव, कन्हाई लाल बेसरा, राणा प्रताप महतो, हरेन्द्र नाथ महतो, लखन मांझी, राईशेन मांझी समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे.

