चाईबासा: झारखंड सरकार के शिक्षा विभाग के उप सचिव संजय कुमार प्रसाद ने गुरुवार को सोनुआ और गुदड़ी प्रखंड के पीएमश्री स्कूलों का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने सोनुआ के पीएमश्री उत्क्रमित उच्च विद्यालय लोंजो और पीएमश्री मध्य विद्यालय गुदड़ी का जायजा लिया.


निरीक्षण के दौरान उप सचिव ने स्कूलों में शिक्षकों के स्वीकृत पद और वर्तमान में कार्यरत शिक्षकों की स्थिति की जानकारी ली. इसके अलावा विद्यालय में उपलब्ध फर्नीचर, आधारभूत संरचना, कंप्यूटर और प्रयोगशाला की सुविधा, खेल मैदान समेत अन्य व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया.
उप सचिव ने विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी लेते हुए शिक्षकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. उन्होंने स्कूलों में उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करने और विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने पर जोर दिया.
निरीक्षण के दौरान शिक्षा विभाग के बीपीओ और बीआरपी समेत अन्य संबंधित कर्मी मौजूद रहे.
उप सचिव के निरीक्षण को लेकर विद्यालय प्रबंधन और शिक्षकों में भी सक्रियता देखने को मिली. निरीक्षण के दौरान स्कूलों की व्यवस्थाओं और सुविधाओं से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर जानकारी ली गई.
रिपोर्ट: जयंत प्रमाणिक

