
जमशेदपुर: बिष्टुपुर स्थित डीडी (डबल डाउन) बार के बाहर 27 जून को हुए चर्चित हिमांशु सिंह हत्याकांड को लेकर गुरुवार को मृतक के परिजनों ने पूर्वी सिंहभूम पुलिस के आला अधिकारियों से मुलाकात की. परिजन वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने दक्षिण छोटानागपुर प्रक्षेत्र के अपर पुलिस महानिदेशक (ADG), सिंहभूम (कोल्हान) क्षेत्र के पुलिस उप-महानिरीक्षक (DIG) तथा पूर्वी सिंहभूम के वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) से विस्तृत वार्ता की.


बैठक के दौरान पुलिस अधिकारियों ने मृतक हिमांशु सिंह के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और भरोसा दिलाया कि मामले में फरार सभी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी. अधिकारियों ने कहा कि कांड के उद्भेदन और शेष अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए पूर्वी सिंहभूम पुलिस लगातार गंभीरता और पूरी तत्परता के साथ कार्रवाई कर रही है. किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और सभी के विरुद्ध कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई होगी.
वहीं, हिमांशु सिंह के परिजनों ने अब तक की पुलिस कार्रवाई पर संतोष व्यक्त किया. उन्होंने जांच प्रक्रिया में पूरा सहयोग देने का भरोसा देते हुए उम्मीद जताई कि सभी आरोपी जल्द कानून की गिरफ्त में होंगे और पीड़ित परिवार को न्याय मिलेगा.
Edited By Sarita






