चांडिल: ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र के पूर्व प्रत्याशी एवं आजसू पार्टी के पूर्व केंद्रीय महासचिव हरेलाल महतो 11 अक्टूबर, रविवार को भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण करेंगे. इसके लिए चांडिल प्रखंड के भादूडीह में विशाल मिलन समारोह सह सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. हरेलाल महतो ने कार्यक्रम में 20 से 25 हजार समर्थकों के शामिल होने की संभावना जताई है.


शुक्रवार को चांडिल गोलचक्कर में आयोजित प्रेस वार्ता में हरेलाल महतो ने बताया कि उन्होंने 26 सितंबर को आजसू पार्टी से इस्तीफा दिया था. इसके बाद अपने समर्थकों और राजनीतिक सहयोगियों से विचार-विमर्श कर भाजपा में शामिल होने का निर्णय लिया. उन्होंने बताया कि भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू एवं पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के मार्गदर्शन में वह भाजपा की सदस्यता ग्रहण करेंगे.
विकसित भारत के संकल्प में सहभागिता निभाना उद्देश्य: हरेलाल
हरेलाल महतो ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प में सहभागिता निभाना और जनसेवा के कार्यों को आगे बढ़ाना उनका प्रमुख उद्देश्य है. उन्होंने कहा कि समर्थकों के साथ विचार-विमर्श के बाद ही भाजपा में शामिल होने का फैसला लिया गया है.
उन्होंने अपने समर्थकों और शुभचिंतकों से 11 अक्टूबर को बड़ी संख्या में भादूडीह पहुंचकर सदस्यता ग्रहण समारोह में शामिल होने की अपील की.
हरेलाल महतो के आजसू छोड़ने और भाजपा में शामिल होने के निर्णय के बाद ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं. उनके इस फैसले से क्षेत्र के राजनीतिक समीकरणों में संभावित बदलाव को लेकर चर्चाएं भी शुरू हो गई हैं.
प्रेस वार्ता में प्रोफेसर रविशंकर मौर्या, तारापद महतो, बुद्धेश्वर महतो, मियादी महतो, अजय दुबे, विजय मोदक और सनत महतो सहित अन्य लोग उपस्थित रहे.
रिपोर्ट: विपिन वार्ष्णेय

