चांडिल: जिले में अवैध बालू परिवहन पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन की ओर से कार्रवाई जारी है. इसी क्रम में शुक्रवार की देर रात जिला खनन पदाधिकारी के नेतृत्व में खान निरीक्षक ने कांदरबेरा चौक पर कार्रवाई करते हुए बालू लदे एक आईसर वाहन को जब्त किया. जब्त वाहन को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए कपाली थाना को सुपुर्द कर दिया गया.


अवैध खनन और परिवहन पर प्रशासन सख्त
उपायुक्त के निर्देशानुसार जिले में खनिजों के अवैध खनन, भंडारण एवं परिवहन पर प्रभावी रोक लगाने के लिए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं. प्रशासन ने ऐसी गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई करने की बात कही है.
आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में खनिजों के अवैध खनन, भंडारण और परिवहन को किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. इस तरह की गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए जांच और कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी.
रिपोर्ट: विपिन वार्ष्णेय

