चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के गोइलकेरा थाना क्षेत्र के बड़ैला गांव में झाड़-फूंक कर रहे एक पुजारी की चाकू से गोदकर हत्या कर दिए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. मृतक की पहचान 42 वर्षीय गोरा अंगरिया के रूप में हुई है. घटना के बाद हत्या का आरोपी गांव का ही 24 वर्षीय पोंडे राम अंगरिया फरार हो गया. पुलिस आरोपी की तलाश में छापेमारी कर रही है.


जानकारी के अनुसार, पोंडे राम अंगरिया पिछले कुछ दिनों से असामान्य हरकतें कर रहा था. इसके बाद उसके परिजन झाड़-फूंक के माध्यम से उसे ठीक कराने का प्रयास कर रहे थे. मंगलवार की रात पुजारी गोरा अंगरिया और डाकुवा मुखी राम अंगरिया समेत गांव के कई लोग पोंडे राम के घर पूजा-पाठ के लिए पहुंचे थे.
देर रात पूजा-पाठ समाप्त होने के बाद अधिकांश ग्रामीण अपने-अपने घर लौट गए. जबकि पुजारी गोरा अंगरिया और डाकुवा मुखी राम अंगरिया वहीं रुक गए. दोनों उसी कमरे में सो गए, जहां पोंडे राम भी मौजूद था.
बताया जा रहा है कि बुधवार तड़के करीब साढ़े चार बजे पोंडे राम ने धारदार चाकू से गहरी नींद में सो रहे पुजारी गोरा अंगरिया की गर्दन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया. हमले में पुजारी की मौके पर ही मौत हो गई. डाकुवा मुखी राम अंगरिया कुछ समझ पाते, इससे पहले ही आरोपी युवक वहां से फरार हो गया.
घटना के बाद डाकुवा मुखी राम अंगरिया ने इसकी सूचना गांव के मुंडा गोमा अंगरिया और गोइलकेरा पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. घटना की जानकारी मिलने के बाद घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई.
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. हत्या के आरोपी पोंडे राम अंगरिया की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है. पुलिस घटना के कारणों और हत्या में इस्तेमाल हथियार के संबंध में भी जांच कर रही है.
रिपोर्ट: जयंत प्रमाणिक

