सरायकेला :आगामी बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने को लेकर सरायकेला पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रही है. पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी के निर्देश पर बुधवार को सरायकेला थाना प्रभारी विनय कुमार के नेतृत्व में शहर एवं आसपास के संवेदनशील इलाकों में सशस्त्र फ्लैग मार्च निकाला गया. फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस बल ने लोगों से शांति, भाईचारा एवं आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की.

फ्लैग मार्च सरायकेला थाना परिसर से शुरू होकर मुख्य बाजार, मस्जिद रोड, पुराना बस स्टैंड, गुदड़ी बाजार, धर्मशाला रोड, विभिन्न वार्ड क्षेत्रों एवं अन्य संवेदनशील इलाकों से होकर गुजरा. इस दौरान पुलिस जवान पूरी तरह मुस्तैद नजर आए. पुलिस की मौजूदगी से जहां आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा मजबूत हुआ, वहीं असामाजिक तत्वों में हड़कंप की स्थिति देखी गई.
थाना प्रभारी विनय कुमार ने कहा कि बकरीद आस्था, भाईचारे एवं सौहार्द का पर्व है, जिसे सभी लोगों को मिल-जुलकर शांतिपूर्ण वातावरण में मनाना चाहिए. उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की भ्रामक, भड़काऊ अथवा अफवाह फैलाने वाली पोस्ट पर पुलिस की पैनी नजर है. ऐसे लोगों के खिलाफ तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें. थाना प्रभारी ने कहा कि पुलिस प्रशासन की पहली प्राथमिकता जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखना है. पर्व के दौरान सभी संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी तथा लगातार गश्ती अभियान चलाया जाएगा.
फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय लोगों एवं दुकानदारों से प्रशासन का सहयोग करने की अपील की. पुलिस ने लोगों को भरोसा दिलाया कि पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रहेगी तथा हर परिस्थिति पर पुलिस की नजर बनी रहेगी.
मार्च में थाना के पुलिस पदाधिकारी, सशस्त्र बल एवं जवान बड़ी संख्या में मौजूद थे.
रिपोर्ट: प्रमोद सिंह



