सरायकेला- खरसावां: जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी- सह- उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में शनिवार को समाहरणालय सभागार में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. बैठक में निर्वाचन विभाग के अधिकारियों के साथ विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे.


बैठक के दौरान उपायुक्त ने भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की समीक्षा की और सभी संबंधित पक्षों से सक्रिय सहयोग की अपील की. उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे और कोई भी अपात्र व्यक्ति सूची में स्थान न पा सके.
उपायुक्त ने कहा कि मतदाताओं की मैपिंग प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी, तथ्याधारित और त्रुटिरहित होनी चाहिए. प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम सही मतदान केंद्र और मतदाता सूची से जुड़ा हो, इसके लिए सभी अधिकारियों और राजनीतिक दलों को समन्वित प्रयास करना होगा.
बैठक में बताया गया कि झारखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत 1 अक्टूबर 2026 को अर्हता तिथि निर्धारित की गई है, जबकि अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 7 अक्टूबर 2026 को किया जाएगा.
निर्वाचन विभाग की ओर से दावा एवं आपत्ति प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज, मतदाताओं की मैपिंग और अनमैप्ड मतदाताओं को सूची से जोड़ने की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई. साथ ही वर्ष 2003 की मतदाता सूची में नाम खोजने संबंधी तकनीकी जानकारी भी साझा की गई.
बैठक में बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) और बूथ लेवल एजेंट (BLA) की भूमिका को अत्यंत महत्वपूर्ण बताया गया. राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से सभी मतदान केंद्रों पर BLA की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने तथा उनकी सूची 10 जून 2026 तक उपलब्ध कराने का आग्रह किया गया.
उपायुक्त ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण केवल निर्वाचन विभाग का कार्यक्रम नहीं, बल्कि मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, समावेशी और अद्यतन बनाने का लोकतांत्रिक अभियान है. उन्होंने राजनीतिक दलों, जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों और जागरूक नागरिकों से आम लोगों तक इस अभियान की जानकारी पहुंचाने की अपील की.
बैठक में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने, पात्र मतदाताओं को आवश्यक दस्तावेजों के साथ समय पर प्रक्रिया में शामिल कराने तथा मतदाता सूची की शुद्धता और विश्वसनीयता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया. इस दौरान राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों द्वारा पूछे गए विभिन्न प्रश्नों का समाधान भी किया गया और कई महत्वपूर्ण सुझावों पर चर्चा हुई.
विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम की प्रमुख तिथियां
• अर्हता तिथि- 01 अक्टूबर 2026.
• तैयारी, प्रशिक्षण एवं प्रिंटिंग कार्य- 20 जून से 29 जून 2026 तक.
• बीएलओ द्वारा घर-घर सत्यापन- 30 जून से 29 जुलाई 2026 तक.
• मतदान केंद्रों का रैशनलाइजेशन- 29 जुलाई 2026 तक.
• प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन- 05 अगस्त 2026.
• दावा एवं आपत्ति प्राप्त करने की अवधि- 05 अगस्त से 04 सितंबर 2026 तक.
• दावा एवं आपत्तियों का निष्पादन- 05 अगस्त से 03 अक्टूबर 2026 तक.
• अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन- 07 अक्टूबर 2026.



