जमशेदपुर: सऊदी अरब में ईद-उल-अजहा यानी बकरीद का पर्व अकीदत और उत्साह के साथ मनाया गया. राबिग सहित विभिन्न शहरों की मस्जिदों में बड़ी संख्या में नमाजियों ने ईद की नमाज अदा कर मुल्क और दुनिया में अमन-चैन, भाईचारे और खुशहाली की दुआ मांगी. नमाज के बाद लोगों ने एक- दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी.

राबिग स्थित अल हसन मस्जिद में भी ईद की नमाज के दौरान भारी भीड़ देखने को मिली. ईद- उल- अजहा के मौके पर लोगों ने हजरत इब्राहिम अलैहिस्सलाम की सुन्नत को याद करते हुए कुर्बानी की रस्म अदा की.
वहीं चांद दिखने के बाद भारत में कल पूरे देशभर में ईद- उल- अजहा का पर्व मनाया जाएगा. देशभर की मस्जिदों और ईदगाहों में विशेष नमाज अदा की जाएगी. पर्व को लेकर बाजारों में भी रौनक बढ़ गई है. लोगों ने कुर्बानी और त्योहार से जुड़ी खरीदारी पूरी कर ली है, जबकि बच्चों और युवाओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है.
धार्मिक विद्वानों ने ईद- उल- अजहा के अवसर पर लोगों से आपसी भाईचारा बनाए रखने, शांति कायम रखने और जरूरतमंदों की मदद करने की अपील की है. वहीं प्रशासन की ओर से भी विभिन्न स्थानों पर सुरक्षा और विधि- व्यवस्था को लेकर आवश्यक तैयारी पूरी कर ली गई है.
रिपोर्ट: अफ़रोज़ मल्लिक



