जामताड़ा: दक्षिण पूर्व रेलवे के रांची मंडल के कीता- सिल्ली डाउन लाइन पर शुक्रवार, 7 अगस्त को प्रस्तावित तीन घंटे के ट्रैफिक- सह- पावर (PQRS) ब्लॉक के कारण कई मेमू ट्रेन सेवाओं के परिचालन में अस्थायी बदलाव किया गया है. रेलवे ने यात्रियों से यात्रा से पहले संशोधित समय-सारिणी की जानकारी लेकर ही सफर करने की अपील की है.



रेलवे के अनुसार, 13503 बर्द्धमान- हटिया मेमू एक्सप्रेस का शॉर्ट टर्मिनेशन नेताजी सुभाष चंद्र बोस गोमोह स्टेशन पर किया जाएगा. वहीं 13504 हटिया- बर्द्धमान मेमू एक्सप्रेस का शॉर्ट ओरिजिनेशन भी गोमोह स्टेशन से होगा. इसके कारण 7 अगस्त को गोमोह और हटिया के बीच दोनों दिशाओं में यह ट्रेन सेवा रद्द रहेगी.
इसी तरह 63598 आसनसोल- रांची मेमू पैसेंजर का शॉर्ट टर्मिनेशन मुरी स्टेशन पर किया जाएगा, जबकि 63597 रांची- आसनसोल मेमू पैसेंजर का शॉर्ट ओरिजिनेशन मुरी स्टेशन से होगा. इसके चलते मुरी और रांची के बीच दोनों दिशाओं में यह सेवा भी शुक्रवार को रद्द रहेगी.
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे इन अस्थायी परिवर्तनों को ध्यान में रखते हुए अपनी यात्रा की योजना बनाएं, ताकि अनावश्यक असुविधा से बचा जा सके.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल





