दुर्गापूजा के अवसर पर रंगारंग कार्यक्रम का आयोजन, बच्चों की प्रतिभा देख गूंजती रही तालियां


मिहिजाम: मिहिजाम स्थित प्लस टू विद्यालय के समीप दुर्गा मंदिर के पास संचालित लोटस प्ले स्कूल में दुर्गापूजा के पावन अवसर पर भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में विद्यालय के नन्हे-मुन्ने छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा और रचनात्मक क्षमता का शानदार प्रदर्शन किया. बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों से पूरा माहौल उत्सवमय हो गया.
कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने एक से बढ़कर एक रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं. नृत्य और अभिनय के माध्यम से नन्हे कलाकारों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया. बच्चों की आकर्षक प्रस्तुति और शानदार अंदाज पर दर्शकों ने तालियां बजाकर उनका उत्साहवर्धन किया. कार्यक्रम ने बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ मंच पर आत्मविश्वास के साथ प्रस्तुति देने का अवसर भी प्रदान किया. इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक सत्यनारायण झा एवं प्राचार्या पूजा झा मुख्य रूप से उपस्थित रहे. उन्होंने बच्चों की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के सांस्कृतिक आयोजन से बच्चों के भीतर छिपी प्रतिभा को निखारने और उनके सर्वांगीण विकास में मदद मिलती है. साथ ही उन्होंने सभी बच्चों, अभिभावकों एवं उपस्थित लोगों को दुर्गापूजा की शुभकामनाएं दीं. कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय की शिक्षिकाओं लीना बाउरी, संगीता दत्ता, पूजा अग्रवाल, बरखा कुमारी, ज्योति कुमारी एवं डॉली कुमारी सहित अन्य का योगदान रहा. बच्चों की उत्साहपूर्ण भागीदारी और मनमोहक प्रस्तुतियों के साथ कार्यक्रम यादगार बन गया.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

