सरायकेला : आगामी ईद-उल-अजहा (बकरीद) पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर रविवार को सरायकेला थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी विनय कुमार ने की. बैठक में नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी, सर्किल इंस्पेक्टर संजय प्रसाद समेत शांति समिति के सदस्य उपस्थित थे.

बैठक में प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों की जानकारी देते हुए थाना प्रभारी विनय कुमार ने सभी समुदायों से आपसी भाईचारा बनाए रखते हुए पर्व मनाने की अपील की. उन्होंने कहा कि त्योहार खुशियों और सौहार्द का प्रतीक होता है, इसलिए किसी भी प्रकार की अफवाह, भड़काऊ बयानबाजी अथवा सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट से बचना जरूरी है.
उन्होंने स्पष्ट कहा कि बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता है. प्रशासन द्वारा जारी गाइडलाइन का सभी लोग पालन करें. किसी भी तरह से माहौल बिगाड़ने या सामाजिक सौहार्द खराब करने की कोशिश करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.
थाना प्रभारी ने कुर्बानी के दौरान साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने की अपील करते हुए कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर ऐसी कोई गतिविधि न हो जिससे किसी की भावना आहत हो. साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने को कहा.
बैठक के दौरान लोगों ने शहर में बिजली और पानी की समस्या का मुद्दा भी उठाया. उपस्थित लोगों ने कहा कि भीषण गर्मी के बीच लो वोल्टेज और पेयजल संकट से आमजन परेशान हैं. इस पर थाना प्रभारी ने संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया.
नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने कहा कि पर्व को लेकर नगर पंचायत क्षेत्र में साफ-सफाई, पेयजल एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की विशेष व्यवस्था की जा रही है, ताकि लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो. उन्होंने नागरिकों से भी शहर की स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की.
सर्किल इंस्पेक्टर संजय प्रसाद ने कहा कि शांति व्यवस्था बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है. उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने तथा किसी भी विवाद की स्थिति में तत्काल प्रशासन को सूचना देने की बात कही.
बैठक में शांति समिति के सदस्यों ने भी अपने सुझाव रखे तथा प्रशासन को पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया. बैठक सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुई.
रिपोर्ट: प्रमोद सिंह



