
जमशेदपुर: राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) के सफल, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं. जिले में 21 जून को आयोजित होने वाली परीक्षा के लिए कुल 8 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां लगभग 4 हजार परीक्षार्थी शामिल होंगे.


परीक्षा को लेकर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं. इस संबंध में एएसपी ऋषभ द्विवेदी ने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की जाएगी. केंद्रों के बाहर और आसपास विशेष निगरानी रखी जाएगी. साथ ही संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए गश्ती दल भी सक्रिय रहेंगे.
उन्होंने बताया कि परीक्षा केंद्रों में प्रवेश से पूर्व अभ्यर्थियों की सघन जांच की जाएगी तथा राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया जाएगा. परीक्षा की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं.
प्रशासन ने परीक्षार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यातायात व्यवस्था को भी सुचारु रखने की तैयारी की है, ताकि छात्रों को समय पर परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो. अभ्यर्थियों एवं उनके अभिभावकों से समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने तथा निर्धारित नियमों का पालन करने की अपील की गई है.
जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा को पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए गए हैं. किसी भी प्रकार की अनियमितता, कदाचार अथवा अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी. इसके अलावा परीक्षा अवधि के दौरान शहर के होटल और लॉज पर भी विशेष निगरानी रखी जाएगी.
Edited By Sarita Mahato


