कांड्रा: डिबा-किशुन मेमोरियल क्लब, पदमपुर (बालीडीह) के तत्वावधान में आयोजित फुटबॉल टूर्नामेंट का रोमांचक समापन हुआ. प्रतियोगिता में क्षेत्र की 48 टीमों ने हिस्सा लिया. फाइनल मुकाबले में खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए खेल प्रेमियों को रोमांचित कर दिया. एएसएएम राहरगोड़ा की टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम किया.


विजेता टीम को 1.20 लाख रुपये और ट्रॉफी प्रदान की गई. उपविजेता शिवांश स्पोर्टिंग को 80 हजार रुपये और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया. रघुनाथ एफसी को तीसरा तथा बाबा इलेवन को चौथा स्थान मिला. दोनों टीमों को 40-40 हजार रुपये का पुरस्कार दिया गया. वहीं शुभम स्पोर्टिंग पदमपुर, एएए हरिहरपुर, सीतारामपुर एफसी और किस्कू स्पोर्टिंग चांडिल को पांचवें से आठवें स्थान तक रहने पर 20-20 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई.

प्रतियोगिता में मैन ऑफ द मैच, बेस्ट प्लेयर, बेस्ट डिसिप्लिन टीम और बेस्ट गोलकीपर सहित कई व्यक्तिगत एवं टीम पुरस्कार भी प्रदान किए गए. यूनिक स्पोर्ट्स वियर के संचालक नीरज सिंह की ओर से टूर्नामेंट के प्रत्येक मैच के बेस्ट प्लेयर को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया. यूनिक स्पोर्ट्स वियर के कांड्रा और चांडिल में दो काउंटर संचालित हैं.
कपिल देव के पहुंचने से बढ़ा खिलाड़ियों का उत्साह
टूर्नामेंट के दौरान उस समय खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों का उत्साह चरम पर पहुंच गया, जब भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और दिग्गज क्रिकेटर कपिल देव मैदान पहुंचे. क्लब के अध्यक्ष कृष्णा बास्के ने बुके भेंट कर उनका स्वागत किया. इस दौरान आधुनिक पावर एंड नेचुरल रिसोर्सेज लिमिटेड के निदेशक महेश अग्रवाल, घनेश्याम अग्रवाल, मनोज अग्रवाल, निर्मल अग्रवाल और सीईओ अरुण मिश्रा भी मौजूद रहे. क्लब के सदस्यों ने सभी अतिथियों का स्वागत किया.
कपिल देव ने खिलाड़ियों का बढ़ाया हौसला
पूर्व क्रिकेटर कपिल देव ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि खेल में जीत और हार से अधिक महत्वपूर्ण अनुशासन, मेहनत और खेल भावना है. ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह की प्रतियोगिताएं युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का बेहतर मंच देती हैं. खिलाड़ियों को लगातार मेहनत करते हुए अपने खेल में सुधार करने पर ध्यान देना चाहिए.
खेल के माध्यम से युवाओं को मंच देना उद्देश्य. कृष्णा बास्के
क्लब के अध्यक्ष कृष्णा बास्के ने कहा कि डिबा-किशुन मेमोरियल क्लब का उद्देश्य केवल प्रतियोगिता आयोजित करना नहीं है, बल्कि क्षेत्र के युवाओं को खेल के माध्यम से बेहतर अवसर और मंच उपलब्ध कराना है. 48 टीमों की भागीदारी से स्पष्ट है कि क्षेत्र के युवाओं में फुटबॉल को लेकर काफी उत्साह है. क्लब आगे भी इस तरह के आयोजन करता रहेगा और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने का प्रयास करेगा.
अतिथियों ने खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कांड्रा थाना प्रभारी इंस्पेक्टर विनोद कुमार मुर्मू और रापचा पंचायत की मुखिया सुकमति मार्डी उपस्थित रहीं. अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया. इसके बाद विजेता सहित अन्य टीमों को पुरस्कार प्रदान किए गए.
पूरे टूर्नामेंट का संचालन उद्घोषक सिकंदर सोरेन, लूना हांसदा और संतोष टुडू ने किया. आयोजन को सफल बनाने में क्लब के अध्यक्ष कृष्णा बास्के, सचिव दिकू किस्कू, सह सचिव इन्द्रो मुर्मू, कोषाध्यक्ष बीरधान बास्के, खेलाराम हेंब्रम, गौतम महतो, राजेश भगत, लाल बाबू महतो, रविंद्र हांसदा सहित क्लब के सभी सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा.
इस अवसर पर गोपाल महतो, रामदास टुडू, सोनाराम मार्डी, राम महतो, पवन हांसदा, भादो टुडू, गोरखा हांसदा, उदय मार्डी सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी और स्थानीय लोग मौजूद रहे.
रिपोर्ट: विपिन वार्ष्णेय


































































