चाईबासा/ Jayant Pramanik मॉडल स्कूल सोनुआ में बुधवार को बड़े उत्साह और उमंग के साथ वार्षिकोत्सव समारोह ‘आनंदोत्सव’ का आयोजन किया गया. समारोह में छात्रों ने अपनी कला और प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया. मंच पर प्रस्तुत रामायण, छऊ नृत्य और गणेश वंदना नृत्य ने उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया. इसके अलावा ओड़िया, हो और अन्य स्थानीय भाषाओं में प्रस्तुत पारंपरिक नृत्यों ने कार्यक्रम में सांस्कृतिक विविधता की सुंदर झलक दिखाई.

कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन और गणेश वंदना से हुई. इसके बाद विद्यालय के प्राचार्य ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए वर्षभर की उपलब्धियों का उल्लेख किया. मंच पर बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों के साथ ही पूरे कार्यक्रम में उत्साह और आनंद का माहौल बना रहा. दर्शक दीर्घा में बैठे अभिभावकों और अतिथियों ने बच्चों का हौसला बढ़ाया.
इस अवसर पर क्षेत्र के वरिष्ठ सेवानिवृत्त शिक्षकों को अंगवस्त्र और प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया. वहीं विद्यालय के मेधावी छात्रों को भी पुरस्कार प्रदान किए गए. समारोह में बच्चों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन और अनुशासन के लिए भी सम्मानित किया गया.
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि थाना प्रभारी शशिबाला भेंगरा ने अपने संबोधन में विद्यालय परिवार की सराहना की. उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता को बढ़ाते हैं. उन्होंने छात्रों को जीवन में मेहनत और अनुशासन को सफलता की कुंजी बताया और आगे भी ऐसे सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया.
अंत में विद्यालय परिवार ने सभी अतिथियों और अभिभावकों के प्रति धन्यवाद ज्ञापन किया. समारोह का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ.


भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
