धनबाद/ Shubham Mishra जिले के भागाबांध इलाके में सोमवार सुबह पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई. इस दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में तीन अपराधी घायल हो गए. पुलिस के अनुसार मुठभेड़ के दौरान विक्की डोम और अमन सिंह को गोली लगी, जबकि अफजल भागने के दौरान गिरकर घायल हो गया और उसका पैर टूट गया.

बताया जा रहा है कि मुठभेड़ के दौरान अपराधियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग भी की, जिससे पुलिस का पीसीआर वाहन क्षतिग्रस्त हो गया. हालांकि पुलिस की तत्परता से तीनों अपराधियों को पकड़ लिया गया.
पुलिस ने घायल अपराधियों को हिरासत में लेकर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है. जानकारी के अनुसार अमन सिंह पलामू का रहने वाला बताया जा रहा है, जबकि विक्की डोम और अफजल धनबाद के निवासी हैं. मुठभेड़ के बाद पुलिस ने घटनास्थल से मोबाइल फोन, हथियार और बम भी बरामद किए हैं. घटना के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और पुलिस द्वारा लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है.

