धनबाद: जिले में बढ़ते साइबर अपराध के खिलाफ धनबाद पुलिस ने ‘CYBER SHIELD’ नाम से मेगा ऑपरेशन शुरू किया है. इसी अभियान के तहत निरसा थाना क्षेत्र के पिठाकियारी गांव में छापेमारी कर 11 लोगों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार लोगों के पास से 2.85 लाख रुपये नकद, विभिन्न कंपनियों के 19 मोबाइल फोन, सात एटीएम/डेबिट कार्ड, पासबुक, चेकबुक, पांच आधार कार्ड, दो पैन कार्ड और साइबर फ्रॉड से जुड़े विवरण वाली एक डायरी बरामद की गई है.


पुलिस के मुताबिक, वरीय पुलिस अधीक्षक के आदेश पर ग्रामीण एसपी के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल गठित किया गया था. इसमें 35 पुलिस पदाधिकारी और 120 पुरुष एवं महिला पुलिसकर्मी शामिल थे. 1 अक्टूबर को गुप्त सूचना मिलने के बाद कि पिठाकियारी में कुछ लोग कथित तौर पर बड़ी साइबर घटना को अंजाम देने की तैयारी में हैं, पुलिस टीम ने गांव में छापेमारी की.
छापेमारी में परिवीक्ष्यमान सहायक पुलिस अधीक्षक अंकित सिन्हा, निरसा एसडीपीओ लीलेश्वर महतो और डीएसपी सीसीआर प्रदीप कुमार साव समेत पुलिस अधिकारियों की टीम शामिल रही.
गिरफ्तार आरोपियों में श्याम सुंदर रविदास, राहुल कुमार उर्फ राहुल रविदास, सचिन रविदास, मलय रविदास, श्यामापदो रविदास, झंटू ठाकुर, कुदन वर्णवाल, अरमान रविदास, अजय रविदास, विजय रविदास और सागर रविदास शामिल हैं. पुलिस के अनुसार सभी पिठाकियारी गांव के रहने वाले बताए गए हैं.
पुलिस के अनुसार बरामद 2.85 लाख रुपये में 2.03 लाख रुपये सचिन रविदास और 82 हजार रुपये सागर रविदास के पास से मिले. बरामद मोबाइल फोन में Apple iPhone, Motorola, OPPO, OnePlus, Redmi, Vivo और Samsung समेत विभिन्न कंपनियों के फोन शामिल हैं.
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में कुछ के खिलाफ पहले से साइबर अपराध, धोखाधड़ी, मारपीट समेत अन्य मामलों में केस दर्ज हैं. कार्रवाई के संबंध में निरसा थाना कांड संख्या 334/2026 दर्ज किया गया है.
पुलिस के अनुसार ‘CYBER SHIELD’ अभियान के तहत साइबर अपराध के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी. बरामद मोबाइल फोन, दस्तावेज और अन्य सामान की जांच के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है.
रिपोर्ट: शुभम मिश्रा

