आसनसोल: तारापीठ में पूजा- अर्चना कर घर लौट रहे श्रद्धालुओं की मारुति ओमनी वैन शुक्रवार दोपहर जामुड़िया थाना क्षेत्र के चाकदुला मोड़ के पास एक 10 चक्का डंपर से टकरा गई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वैन का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. हादसे में वाहन सवार तीन लोगों के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना है.


जानकारी के अनुसार, दुर्घटना शुक्रवार दोपहर करीब 2:30 बजे रानीगंज-सिउड़ी राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-14 पर हुई. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक तारापीठ से लौट रही मारुति ओमनी चाकदुला मोड़ के पास पहुंची थी, तभी उसकी डंपर से जोरदार टक्कर हो गई.
टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़े और पुलिस को सूचना दी. इसके बाद केंदा फाड़ी और जामुड़िया ट्रैफिक गार्ड की पुलिस मौके पर पहुंची. दुर्घटनाग्रस्त वाहन से पांच लोगों को बाहर निकाला गया. इनमें तीन की हालत गंभीर बताई गई, जिन्हें इलाज के लिए नजदीकी चिकित्सा केंद्र भेजा गया.
टक्कर के बाद डंपर लेकर चालक फरार
पुलिस सूत्रों के अनुसार दुर्घटना के बाद डंपर चालक वाहन लेकर मौके से निकल गया. पुलिस डंपर की पहचान करने और चालक का पता लगाने में जुटी है. दुर्घटनाग्रस्त वैन को सड़क से हटाकर पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया, जिसके बाद यातायात सामान्य कराया गया. फिलहाल दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल सका है. पुलिस घटना की जांच कर रही है.
भारी वाहनों की रफ्तार पर स्थानीय लोगों ने उठाए सवाल
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने इस मार्ग पर भारी वाहनों की रफ्तार को लेकर सवाल उठाए हैं. स्थानीय निवासी शैलेन बाउरी का आरोप है कि कई डंपर तेज रफ्तार से गुजरते हैं, जिससे सड़क पार करने और मार्ग पर आवागमन करने वाले लोगों में दुर्घटना का डर बना रहता है.
स्थानीय लोगों का यह भी दावा है कि भारी वाहनों की रफ्तार और आवाजाही को लेकर पहले भी पुलिस- प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराया गया है. हालांकि दुर्घटना में डंपर की गति कितनी थी और हादसे के लिए किस पक्ष की लापरवाही जिम्मेदार थी, यह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगा.

