चांडिल: तिरुलडीह थाना क्षेत्र के ईचाडीह पंचायत अंतर्गत बकारकुड़ी गांव में शनिवार को जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, पुलिस अधिकारियों और ग्रामीणों ने भाग लिया.


इस दौरान ग्रामीणों को डायन प्रथा, बाल विवाह, बच्चा चोरी से जुड़ी अफवाहों, साइबर अपराध, डायल-112 आपातकालीन सेवा, नशा मुक्ति और सड़क सुरक्षा नियमों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई. कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में फैली कुरीतियों और अफवाहों के प्रति लोगों को जागरूक करना था.

तिरुलडीह थाना प्रभारी कौशल कुमार ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह या अंधविश्वास पर विश्वास न करें. उन्होंने कहा कि संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके.
उन्होंने लोगों से साइबर ठगी से सतर्क रहने, मोबाइल और बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करने तथा सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की. साथ ही आपात स्थिति में डायल-112 सेवा का उपयोग करने की जानकारी भी दी गई.

कार्यक्रम में मौजूद जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने जागरूकता अभियान की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज में सकारात्मक बदलाव लाने और लोगों को सही जानकारी देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं.
रिपोर्ट: विकास ठाकुर



