आदित्यपुर: भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जगदीश नारायण चौबे ने सरायकेला विधानसभा क्षेत्र से पार्टी के पूर्व प्रत्याशी कालीपद सोरेन को संगठन में महत्वपूर्ण पद देने की मांग उठाई है. उन्होंने प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी के राजू का ध्यान इस ओर आकर्षित करते हुए कहा कि कोल्हान क्षेत्र में संगठन को मजबूत करने के लिए कालीपद सोरेन जैसे अनुभवी और जमीनी नेता की भूमिका अहम हो सकती है.

चौबे ने कहा कि कालीपद सोरेन ने सिंहभूम क्षेत्र में एकता स्थापित करने में अग्रणी भूमिका निभाई है और झारखंड राज्य निर्माण आंदोलन में भी उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है. ऐसे में उन्हें संगठन में उचित स्थान दिया जाना चाहिए. बताया गया कि राहुल गांधी के 31 जनवरी को चाईबासा आगमन की तैयारी को लेकर कालीपद सोरेन अपनी टीम के साथ सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं. इस मांग के बाद कोल्हान क्षेत्र की राजनीति में हलचल तेज हो गई है और कांग्रेस संगठन में संभावित बदलावों को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई हैं.

