राजनगर: सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजनगर की स्वास्थ्य व्यवस्था को बेहतर बनाने और मरीजों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में अस्पताल प्रबंधन समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक में अस्पताल की आधारभूत संरचना, चिकित्सा उपकरण, दवाओं की उपलब्धता, सुरक्षा, स्वच्छता, पेयजल और भवनों के रखरखाव समेत कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गई. इस दौरान मरीजों की सुविधा से जुड़े कई प्रस्तावों को मंजूरी दी गई.



सीएचसी की चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. वीरांगना सिंकू की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री अस्पताल संचालन एवं रख-रखाव योजना के तहत जीर्णोद्धार मद में अस्पताल को आवश्यकता और प्राथमिकता के आधार पर राशि उपलब्ध कराई गई है. इसी राशि के माध्यम से अस्पताल में जरूरी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए कार्ययोजना तैयार की गई है.
बैठक में अस्पताल की विभिन्न चिकित्सा इकाइयों से प्राप्त मांग के आधार पर आवश्यक मशीनों और चिकित्सा उपकरणों की खरीद का निर्णय लिया गया. इसके अलावा ओपीडी और लेबर रूम में मरीजों की जरूरत के अनुसार आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर भी सहमति बनी.
अस्पताल के प्रशासनिक कार्यालय और अन्य कमरों की रंगाई-पुताई कराने के साथ दरवाजे और खिड़कियों की मरम्मत का निर्णय लिया गया. लेबर रूम के शौचालय का जीर्णोद्धार तथा भवन में लंबे समय से बनी सीपेज की समस्या को दूर करने की दिशा में भी काम कराया जाएगा. इन कार्यों के पूरा होने से अस्पताल परिसर में मरीजों और स्वास्थ्यकर्मियों को बेहतर वातावरण मिलने की उम्मीद है.
अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए परिसर में अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे लगाने पर भी सहमति बनी. इसके साथ ही जेनरेटर रूम की छत की मरम्मत और जेनरेटर की आवश्यक मरम्मत कराने का फैसला लिया गया. अस्पताल परिसर में किचन शेड निर्माण का प्रस्ताव भी बैठक में रखा गया.
मरीजों और उनके परिजनों के लिए स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था को बेहतर करने पर जोर दिया गया. मुख्य द्वार के निर्माण और नामकरण, नियमित साफ-सफाई, पार्किंग शेड तथा भवन की पाइपलाइन से जुड़े आवश्यक कार्य कराने पर भी चर्चा हुई. समिति ने मरीजों की सुविधा से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने पर जोर दिया.
अस्पताल प्रबंधन समिति के इन फैसलों से राजनगर सीएचसी की व्यवस्थाओं में सुधार की उम्मीद बढ़ी है. अब लोगों की नजर स्वीकृत योजनाओं के धरातल पर उतरने और कार्यों की गुणवत्ता पर रहेगी. यदि सभी कार्य निर्धारित समय पर और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरे होते हैं तो इसका सीधा लाभ मरीजों और उनके परिजनों को मिलेगा.
बैठक में प्रभारी प्रखंड प्रमुख सुमना देवी, राजनगर पंचायत की मुखिया राजो टुडु, सीएचसी के लेखपाल अविनाश बोंदो, आयुष चिकित्सा पदाधिकारी समेत अस्पताल प्रबंधन समिति के पदाधिकारी, चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे.
रिपोर्ट : रासबिहारी मंडल

