जमशेदपुर: चर्चित होटल कारोबारी निखार सबलोक (33) हत्याकांड की जांच में अब जमीन विवाद का एंगल सामने आ रहा है. पुलिस सूत्रों के अनुसार सिदगोड़ा के एग्रिको क्षेत्र में एक जमीन विवाद को लेकर हत्या की साजिश रचे जाने की आशंका है. इसी कड़ी में पुलिस द्वारा दो से चार संदिग्धों को हिरासत में लेकर गोपनीय स्थान पर पूछताछ किए जाने की सूचना है. हालांकि सरायकेला- खरसावां पुलिस ने इन तथ्यों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है.


गौरतलब है कि सोमवार दोपहर चांडिल थाना क्षेत्र स्थित 10th माइल स्टोन रेस्टोरेंट में अपराधियों ने निखार सबलोक पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर उनकी हत्या कर दी थी. वारदात के बाद पूरे कोल्हान में सनसनी फैल गई थी. पुलिस घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज समेत तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर हत्यारों तक पहुंचने में जुटी है.
पोस्टमार्टम में 12 गोलियां लगने की बात आई सामने
पोस्टमार्टम से सामने आई जानकारी के अनुसार निखार को कुल 12 गोलियां लगी थीं. दोनों कनपट्टियों में दो-दो, गर्दन और पेट में एक-एक, पीठ में दो तथा दोनों कंधों पर दो-दो गोलियां लगने की बात सामने आई है. इससे आशंका जताई जा रही है कि हमलावरों ने बेहद करीब से निखार को निशाना बनाया और हत्या सुनिश्चित करने के इरादे से ताबड़तोड़ फायरिंग की.
मंगलवार दोपहर करीब 2:30 बजे निखार का पार्थिव शरीर कदमा स्थित विजया हेरिटेज आवास लाया गया. यहां बड़ी संख्या में कारोबारी, सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र के लोग परिवार को सांत्वना देने पहुंचे. करीब 3:15 बजे अंतिम यात्रा निकली और बिष्टुपुर स्थित पार्वती घाट में अंतिम संस्कार किया गया.
सरयू राय ने उठाया जमीन विवाद का मुद्दा
निखार के आवास पर विधायक सरयू राय, विधायक मंगल कालिंदी और पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता समेत कई राजनीतिक हस्तियां पहुंचीं. इस दौरान सरयू राय ने सिदगोड़ा क्षेत्र के एक जमीन विवाद का जिक्र करते हुए पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता पर जमीन कब्जे से जुड़े मामले में पैरवी करने और अपराधियों को संरक्षण देने का आरोप लगाया. उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और हत्यारों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की. सरयू राय के आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और इस संबंध में बन्ना गुप्ता का पक्ष सामने आना बाकी है.
इधर पुलिस सूत्रों की मानें तो जांच तेजी से आगे बढ़ रही है और कुछ संदिग्धों से पूछताछ के जरिए हत्या की साजिश की कड़ियां जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है. फिलहाल पुलिस की आधिकारिक ब्रीफिंग का इंतजार है. ऐसे में हत्या की वजह और इसमें शामिल लोगों को लेकर अंतिम निष्कर्ष पुलिस के खुलासे के बाद ही स्पष्ट होगा.

