चौका: थाना अंतर्गत बंसा में बुधवार की रात एक वाइन शॉप को निशाना बनाने पहुंचे तीन नकाबपोश अपराधियों की लूट की कोशिश दुकानदार की सूझबूझ के कारण नाकाम हो गई. रात करीब 10:55 बजे तीन अपराधी वाइन शॉप के पास पहुंचे. इनमें से एक के पास कथित रूप से हथियार था, जबकि दो अन्य नुकीले लोहे के चाकूनुमा हथियार लिए हुए थे.


अपराधियों ने दुकान का बंद ग्रील खुलवाने के लिए वाइन शॉप संचालक धीरज कुमार सिंह को धमकाया. इस दौरान उन्होंने धीरज पर चाकूनुमा हथियार से कई वार किए. इसके बावजूद धीरज ने घबराने के बजाय परिस्थितियों को समझते हुए अपराधियों के मंसूबे को विफल कर दिया. दुकान में लूट नहीं हो सकी और आखिरकार तीनों अपराधियों को मौके से भागना पड़ा.
घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. सूचना मिलते ही चौका पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू की. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि तीनों अपराधी कौन थे और वारदात से पहले उन्होंने इलाके की कितनी रेकी की थी.
चौका थाना प्रभारी गौरव कुमार ने बताया कि पुलिस मामले को गंभीरता से ले रही है. अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं और अन्य साक्ष्यों को भी जुटाया जा रहा है.
वाइन शॉप को निशाना बनाने की यह कोशिश भले ही नाकाम हो गई, लेकिन जिस तरीके से हथियारबंद अपराधी रात के समय दुकान तक पहुंचे, उसने इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं.
रिपोर्ट: विपिन वार्ष्णेय

