जामताड़ा: मिहिजाम मार्ग पर बेवा फाटक के समीप बुधवार को दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को एंबुलेंस से जामताड़ा सदर अस्पताल पहुंचाया गया.


जानकारी के अनुसार, मिहिजाम थाना क्षेत्र के गौराईनाला गांव निवासी उत्पल मंडल जामताड़ा से अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान बेवा फाटक के पास विपरीत दिशा से आ रही मोटरसाइकिल से उनकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई. दुर्घटना में उत्पल मंडल के सिर समेत शरीर के अंदरूनी हिस्सों में गंभीर चोटें आईं. उन्हें तत्काल जामताड़ा सदर अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सक डॉ. अताउल हक ने इलाज शुरू किया. हालत गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन इलाज के दौरान उत्पल मंडल की मौत हो गई.

दूसरी मोटरसाइकिल पर बिंदापाथर थाना क्षेत्र के भुगीकाटा निवासी सुधीर सिंह और करमाटांड़ थाना क्षेत्र के बनकटी निवासी कपिल राय सवार थे. दोनों को भी सिर में गंभीर चोटें आई हैं. चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें रेफर करने की सलाह दी, लेकिन परिजनों ने सदर अस्पताल में ही उपचार जारी रखने का निर्णय लिया.
नाइट गार्ड का काम कर परिवार चलाते थे उत्पल
परिजनों के अनुसार, उत्पल मंडल रात में नाइट गार्ड के रूप में काम करते थे. दिन में फेरी लगाकर वह अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे. उनकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

घटना की सूचना मिलते ही मिहिजाम थाना के सब इंस्पेक्टर अलीत सागर करकेटा पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों मोटरसाइकिलों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की. इसके बाद पुलिस सदर अस्पताल पहुंची और शव से संबंधित कागजी प्रक्रिया पूरी की.
दुमका मार्ग पर भी बाइक दुर्घटना, दो घायल
इधर, जामताड़ा-दुमका मार्ग पर भी बाइक असंतुलित होने से दो लोग घायल हो गए. घायलों की पहचान मनोज मुर्मू और श्रीराम बास्की के रूप में हुई है. दोनों को गंभीर चोटें आई हैं और उनका इलाज कराया जा रहा है.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

