चांडिल: ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र की विधायक सविता महतो की पहल से नीमडीह प्रखंड अंतर्गत झिमड़ी गांव की निवासी पूजा महतो को इलाज के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष से 75 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई है. पूजा महतो लंबे समय से गंभीर बीमारी से पीड़ित हैं और कमजोर आर्थिक स्थिति के कारण उनका समुचित इलाज कराना परिवार के लिए मुश्किल हो गया था.

परिजनों ने इस समस्या से विधायक सविता महतो को अवगत कराया और मदद की गुहार लगाई. मामले की गंभीरता को देखते हुए विधायक ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को मुख्यमंत्री राहत कोष से सहायता उपलब्ध कराने को लेकर पत्र लिखा. विधायक के अनुरोध पर संज्ञान लेते हुए झारखंड सरकार ने पूजा महतो के इलाज के लिए 75 हजार रुपये की सहायता स्वीकृत की.
स्वीकृत राशि का भुगतान भारतीय स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के माध्यम से चेक द्वारा किया गया है. आर्थिक सहायता मिलने के बाद पीड़ित परिवार ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और विधायक सविता महतो के प्रति आभार प्रकट किया और कहा कि इस सहयोग से इलाज में काफी मदद मिलेगी. वहीं झामुमो कार्यकर्ताओं ने भी सरकार की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री राहत कोष जरूरतमंद और असहाय लोगों के लिए बड़ी संजीवनी साबित हो रहा है. इस संबंध में जानकारी झामुमो केंद्रीय सदस्य सह विधायक के आप्त सचिव काबलू महतो ने दी.

