
चांडिल: सरायकेला- खरसावां जिले के चांडिल प्रखंड अंतर्गत आसानबनी पंचायत के रंगखेलना गांव में रात के अंधेरे में चोरी- छिपे कचरा फेंके जाने का मामला सामने आया है. लगातार हो रही इस गतिविधि से ग्रामीणों में भारी आक्रोश है. ग्रामीणों का आरोप है कि बाहरी क्षेत्रों से देर रात हाईवा डंपर लाकर गांव के आसपास खुले स्थानों पर कचरा गिराया जा रहा था, जिससे पर्यावरण प्रदूषित होने के साथ लोगों के स्वास्थ्य पर भी खतरा बढ़ रहा है.


इससे परेशान ग्रामीणों ने कई दिनों से रात में पहरेदारी शुरू कर दी थी. इसी दौरान देर रात कचरा लेकर पहुंचीं तीन हाईवा डंपर को ग्रामीणों ने रंगे हाथ पकड़ लिया. ग्रामीणों ने वाहनों को रोककर चालकों से पूछताछ की. पूछताछ में चालकों ने दावा किया कि उन्हें JNAC की ओर से कचरा गिराने के लिए कहा गया है. हालांकि इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है.
चालकों की बात सुनकर ग्रामीणों ने कड़ी आपत्ति जताई और भविष्य में गांव या उसके आसपास कचरा नहीं फेंकने की सख्त चेतावनी दी. काफी देर तक चली बातचीत के बाद वाहन चालकों ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए ग्रामीणों से माफी मांगी. इसके बाद ग्रामीणों ने मानवीय आधार पर उन्हें चेतावनी देकर छोड़ दिया.
ग्रामीणों ने स्पष्ट कहा कि यदि भविष्य में दोबारा ऐसी घटना हुई तो संबंधित वाहनों को प्रशासन के हवाले कर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की जाएगी. साथ ही प्रशासन से गांव के आसपास अवैध रूप से कचरा फेंकने की घटनाओं पर तत्काल रोक लगाने और जिम्मेदार लोगों पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की गई है.
मौके पर गणेश माझी, भारत हांसदा, श्याम हांसदा, नारायण महतो, आकाश महतो, आर्यन महतो, चंदन कर्मकार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे. ग्रामीणों ने कहा कि गांव की स्वच्छता और पर्यावरण की रक्षा के लिए वे आगे भी एकजुट होकर इस तरह की गतिविधियों का विरोध करते रहेंगे.
रिपोर्ट: अफ़रोज़ मल्लिक





