
सरायकेला-खरसावां: जिले में अपराध नियंत्रण और आम लोगों में सुरक्षा की भावना मजबूत करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी के निर्देश पर जिलेभर में विशेष अभियान चलाया जा रहा है. अभियान के तहत सभी थाना क्षेत्रों में नियमित गश्ती और पैदल मार्च कर पुलिस की सक्रिय मौजूदगी सुनिश्चित की जा रही है.


इसी क्रम में रविवार को आदित्यपुर थाना क्षेत्र में थाना प्रभारी अंजनी कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने व्यापक पैदल गश्ती अभियान चलाया. पुलिस टीम क्षेत्र के प्रमुख चौक-चौराहों, बाजारों और संवेदनशील इलाकों से होकर गुजरी तथा लोगों से संवाद स्थापित कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया.
थाना प्रभारी अंजनी कुमार ने बताया कि यह नियमित अभियान का हिस्सा है और आगे भी लगातार जारी रहेगा. इसका उद्देश्य क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना, अपराधियों पर नजर रखना तथा आम लोगों में सुरक्षा का विश्वास कायम करना है.
उन्होंने अपराधियों और असामाजिक तत्वों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि वे क्षेत्र छोड़ दें या अपनी गतिविधियां बंद कर दें. यदि कोई अपराधी कानून तोड़ते हुए पकड़ा गया तो उसके खिलाफ बिना किसी रियायत के सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने स्पष्ट कहा कि आदित्यपुर थाना क्षेत्र में किसी भी कीमत पर अपराधियों को पनपने नहीं दिया जाएगा.
पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की कि यदि उन्हें किसी संदिग्ध व्यक्ति, गतिविधि या आपराधिक घटना की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके.
Edited By Sarita





