चांडिल: मुख्य बाजार में शुक्रवार देर रात व्यवसायी सुरेश चौधरी के घर हुई हथियारबंद डकैती की घटना के बाद रविवार को ईचागढ़ विधायक सविता महतो पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचीं. उन्होंने परिजनों से घटना की जानकारी ली और वारदात पर चिंता जताई. विधायक ने सरायकेला- खरसावां के एसपी मनोज स्वर्गियारी से फोन पर बातचीत कर अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी और मामले में त्वरित कार्रवाई की मांग की.


सविता महतो ने कहा कि चांडिल जैसे प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र में हथियारबंद डकैती की घटना गंभीर चिंता का विषय है. ऐसी वारदातों से व्यवसायियों और आम नागरिकों में असुरक्षा की भावना पैदा होती है. उन्होंने पुलिस से मामले का जल्द खुलासा कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का आग्रह किया.
सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर भी जताई चिंता
इस दौरान स्थानीय ग्रामीणों की शिकायत पर विधायक ने चांडिल की मठिया गली में निर्माणाधीन पीसीसी सड़क का निरीक्षण किया. उन्होंने संवेदक के मुंशी को निर्धारित मानकों के अनुरूप निर्माण कार्य कराने और गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं करने का निर्देश दिया. साथ ही ग्रामीणों से भी निर्माण कार्य की निगरानी करने की अपील की. मौके पर झामुमो के केंद्रीय सदस्य काबलू महतो, नितेश वर्मा, राहुल वर्मा सहित पीड़ित परिवार के सदस्य और स्थानीय लोग मौजूद रहे.

